क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत अब 26 मार्च के बजाय 28 मार्च से होगी। टूर्नामेंट के कार्यक्रम में दो दिन का बदलाव किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीजन का फाइनल मुकाबला 31 मई 2026 को खेला जाएगा।

चुनावों के कारण शेड्यूल में देरी

शेड्यूल में देरी की मुख्य वजह असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव बताए जा रहे हैं। इन राज्यों की चुनावी तारीखों का आधिकारिक ऐलान अभी तक नहीं हुआ है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

इन राज्यों में स्थित प्रमुख फ्रेंचाइजी — चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) — के घरेलू मुकाबले भी होने हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) चुनाव आयोग की तारीखों का इंतजार कर रहा है ताकि मैचों के दौरान सुरक्षा बलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
चिन्नास्वामी स्टेडियम पर सस्पेंस
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस सीजन का ओपनिंग मैच खेलने वाली है। लेकिन यह मुकाबला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में होगा या नहीं, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
पिछले साल जून में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 फैंस की मौत हो गई थी। उसके बाद से यहां बड़े आयोजनों को लेकर सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती जा रही है। कर्नाटक सरकार ने कुछ शर्तों के साथ आयोजन को मंजूरी देने के संकेत दिए हैं, लेकिन आरसीबी प्रबंधन बिना शर्त अनुमति की मांग कर रहा है।
RCB के संभावित वैकल्पिक वेन्यू
अगर बेंगलुरु में गतिरोध नहीं सुलझा, तो आरसीबी अपने सात घरेलू मुकाबले अन्य शहरों में खेल सकती है। इसके लिए नवी मुंबई (डीवाई पाटिल स्टेडियम), रायपुर (शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम) और पुणे को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, आरसीबी के अधिकारियों ने हाल ही में रायपुर का दौरा भी किया है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि यह मजबूत बैकअप विकल्प हो सकता है।
दो चरणों में आ सकता है पूरा शेड्यूल
बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल अगले सप्ताह अहम बैठक करने वाली है। माना जा रहा है कि 2009, 2014 और 2019 की तरह इस बार भी शेड्यूल को दो चरणों में जारी किया जा सकता है।
पहले चरण में टूर्नामेंट के शुरुआती दो सप्ताह के मुकाबलों का कार्यक्रम जारी होगा, जबकि बाकी मैचों की तारीखें चुनाव कार्यक्रम स्पष्ट होने के बाद घोषित की जाएंगी।
अब फैंस की नजर आधिकारिक शेड्यूल की घोषणा पर टिकी हुई है, क्योंकि आईपीएल 2026 एक बार फिर रोमांच से भरपूर सीजन साबित होने की उम्मीद है।