अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर बीते पांच दिनों से हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों देशों की सेनाओं के बीच भारी गोलाबारी की खबरें हैं। अफगान रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेना ने 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा के पास कई अहम पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

अफगान पक्ष के मुताबिक कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक और शोराबक क्षेत्रों में कई पाकिस्तानी चौकियों पर नियंत्रण स्थापित किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अली-शेर जिले में भी दो पोस्ट कब्जे में लेने का दावा किया गया है। मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह खोवाराजमी ने कहा कि 25 से अधिक चौकियों पर झंडा फहराया गया है और 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया गया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

तनाव की जड़ पिछले महीने की उस कार्रवाई को बताया जा रहा है जब पाकिस्तान ने अफगान सीमा के भीतर कथित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। इसके बाद तालिबान नेतृत्व वाली अफगान सरकार ने जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू की।
सोमवार को अफगान रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि पक्तिका प्रांत में पाकिस्तानी सेना का एक बख्तरबंद टैंक नष्ट कर दिया गया। वहीं काबुल के पास स्थित Bagram Air Base पर हमले की कोशिश को अफगान एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया।
सीमा पर जारी इस संघर्ष को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि हाल के घंटों में गोलाबारी की तीव्रता कुछ कम होने की बात कही जा रही है, लेकिन हालात अब भी बेहद संवेदनशील हैं।